
होशियारपुर क्षत्रिय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष लक्की ठाकुर ने धार्मिक स्थलों की यात्रा कर लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस में आग लगने से कई तीर्थयात्रियों की मौत पर पीडि़त परिवारों के प्रति गहरा दुख और सहानुभूति व्यक्त की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान देने और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। लक्की ठाकुर ने कहा कि सडक़ों पर ऐसी घटनाओं को रोकने और दुर्घटनाओं में शामिल लोगों को बचाने के लिए देश भर में विशेष प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं के दौरान मदद के लिए पंजाब सरकार द्वारा स्थापित सडक़ सुरक्षा बल बहुत सराहनीय सेवाएं दे रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इसकी मांग की चूंकि पंजाब सरकार द्वारा सडक़ सुरक्षा बल का गठन किया गया है, इसलिए यह सेवा पूरे देश में लागू की जानी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति के दौरान मदद के लिए पंजाब में 112 हैल्पलाइन नंबर है जिसे हर वाहन के अंदर लिखा जाना चाहिए और इसी तरह पूरे देश के लिए एक कॉमन नंबर जारी किया जाना चाहिए और जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जानी चाहिए। लक्की ठाकुर ने सरकार से भी मांग की है कि पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।